Friday, 2 January 2015

मुंगेर जिले के महेशपुर में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के एक ही परिवार के तीन अमर शहीदों की प्रतिमा का किया अनावरण

 मुंगेर जिले के महेशपुर में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के एक ही परिवार के तीन अमर शहीदों की प्रतिमा का किया अनावरण  



2.14 करोड़ रूपये की लागत से नवनिर्मित अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
मुंगेर में हवाई सेवा सुलभ कराए जाने के होंगे प्रयास 

पटना, 02 जनवरी 2015:- मंुगेर जिले के महेशपुर में आज संपन्न एक समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री श्री जीतन राम मांझी ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद तीन स्वतंत्रता सेनानियों - पंडित कमलेश्वरी प्रसाद सिंह, अमर शहीद नित्यानंद सिंह एवं अमर शहीद सच्चिदानंद सिंह की आवक्ष प्रतिमा के अनावरण करने के बाद उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सपनों को साकार करने में बिहार सरकार लगातार प्रयत्नशील है।
इस अवसर पर महती जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर के पौराणिक धरती ने अनेक क्रांतिवीरों को जन्म दिया है। उन्होंने महेशपुर की धरती को प्रणाम करते हुए कहा कि इस धरती ने इन तीन शहीदों को एक ही परिवार में जन्म दिया। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल सतयुग और त्रेता में राम और कृष्ण को लोग जपते थे, आज के जमाने में सभी की जुबान पर गरीब और गरीबी है, लेकिन गरीबों की झोपड़ी में विकास की किरण पहंुचाने और उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल करने का संकल्पित प्रयास उनकी ही सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने मनियारचक से महेशपुर की सड़क को अमर शहीद सरदार नित्यानंद सिंह के नाम पर बनाए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बिहार में पर्यटन विकास की आपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 तक जहां साल भर में बिहार में 70-80 हजार पर्यटक देश-विदेश से आते थे वहीं विगत वर्ष बिहार में देश-विदेश से करीब 2 करोड़ पर्यटक आए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के मंत्री श्री विजय कुमार चैधरी को उन्होंने भारत सरकार की एक बैठक में भेजा था, जहां बिहार सरकार की ओर से बिहार के विभिन्न प्रमुख पर्यटक स्थलों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध कराए जाने में भारत सरकार की सहायता मांगी गयी है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार के दो-तीन शहरों का भी चयन हवाई सेवा के लिए किया जाता है तो उसमें एक मुंगेर होगा। मुख्यमंत्री ने मानवता के मूल्यों की रक्षा करने, सर्वधर्म समभाव स्थापित करने और संकीर्णता से ऊपर उठने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने न्याय के साथ विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक बार पुनः भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके त्याग और बलिदान के बदौलत आज देश आजाद है।
समारोह को राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री सम्राट चैधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि उनका कार्य क्षेत्र तो खगडि़या है, लेकिन उनकी मातृ भूमि मुंगेर जिले में है, इस लिए वे यहां के स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हैं।
राज्य सरकार के पर्यटन मंत्री तथा मुंगेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री जावेद इकबाल अंसारी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इन अमर सेनानियों की यह धरती युगों-युगों तक लोगों को प्रेरित करती रहेगी। समारोह की अध्यक्षता स्थानीय विधायक श्री अनंत कुमार सत्यार्थी ने किया। तारापुर की विधायक श्रीमती नीता चैधरी ने भी समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर श्री अनितेश कुमार द्वारा लिखित पुस्तक का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री ने किया।
मुख्यमंत्री ने मुंगेर में 2 करोड़ 14 लाख रूपये की लागत पर नवनिर्मित अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव श्री आमिर सुबहानी ने कहा कि इस छात्रावास में जेनरेटर, एक्वागार्ड, टीभी, फ्रिज तथा उपस्कारों की समुचित व्यवस्था के लिए अलग से 21 लाख रूपये सुलभ कराए जा रहे हैं। इस छात्रावास में 100 छात्राओं के आवासन की समुचित व्यवस्था की गयी है।

’’’’’’’’

No comments:

Post a Comment