Saturday, 11 April 2015

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों के साथ बैठक की

पटना, 10 अप्रैल 2015:- आज मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों के साथ बैठक की। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली।
मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से राजद विधायकों से उनके क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने राजद विधायकों को संबोधित करते हुये कहा कि राजद विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की अगर कोई समस्या है तो बतायें तथा प्रशासनिक तंत्र की स्थिति के बारे में भी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि चुनाव का समय नजदीक है, अब समय गंवाना ठीक नहीं है। हम सब मिलकर काम कर रहे हैं। तमाम लोगों की समस्याओं का निदान खोज रहे हैं। त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं का निदान किया जा रहा है। हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजद सुप्रीमो श्री लालू प्रसाद यादव भी जनता दल परिवार के विलय के बारे में कह चुके हैं। शीघ्र समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुलायम सिंह यादव बैठक बुलायेंगे। हमलोग एक झंडा, एक निशान पर चुनाव लड़ेंगे। राजद विधायकों ने बारी-बारी से मुख्यमंत्री को अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं प्रशासनिक तंत्र की स्थिति से अवगत कराया।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों के साथ मेरी चर्चा हुयी। हम सब एक होने वाले हैं। सुशासन, विकास एवं अन्य विषयों पर भी चर्चा हुयी। पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सुशासन है, लाॅ है तथा विकास का काम हो रहा है। समाज में शांति है। समाज में प्रेम एवं सद्भाव का वातावरण बना रहे। उन्हांेने कहा कि चुनाव का समय है, चुनाव में जिनलोगों से मुकाबला है, वे जिस स्तर पर जाकर जिस तरह की भाषा का प्रयोग करते हैं, वे चुनाव के समय कुछ भी कर सकते हैं। ऐसे तत्वों से सबको सचेत रहना चाहिये, ये बातें मैं अपने दल के विधायकों, कार्यकर्ताओं, मित्र दलों के सदस्यों एवं लोगों से कहता रहता हूॅ कि वे लोग सजग एवं सचेत रहें। हम सभी लोगों को समाज में शांति एवं सद्भाव कायम रखने के लिये सतत् सचेत एवं सजग रहने के लिये कहता रहता हूूॅ।


No comments:

Post a Comment