Thursday, 5 February 2015

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की

पटना, 04 फरवरी 2015:- पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनायें हैं। उद्योग के रूप में पर्यटन को स्वतंत्र रूप से विकसित किये जाने की आवश्यकता है। राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में इससे मजबूती मिलेगी और राज्य की आय में बढ़ोतरी होगी, साथ ही इस क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार का सृजन होगा। मुख्यमंत्री श्री जीतन राम माॅझी पर्यटन विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिक संख्या में पर्यटक आयेंगे तो प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार से बहुआयामी लाभ मिलेगा। पर्यटन के विकास के लिए राशि की माॅग करें। जहाॅ से संभव होगा, राशि उपलब्ध करायी जायेगी।
आज समीक्षा बैठक के क्रम में प्रधान सचिव पर्यटन डाॅ0 दीपक प्रसाद द्वारा प्रस्तावित राज्य पर्यटन नीति 2014 के प्रारूप का प्रस्तुतीकरण करते हुए मुख्यमंत्री को इसके संबंध में विस्तृत रूप से अवगत कराया। राज्य में पर्यटन का समग्रता से विकास हेतु हर पहलुओं पर चर्चा की गई। पर्यटन नीति के मूल उद्देश्य, मास्टर प्लान, अधिसंरचनाओं का निर्माण, मानव संसाधन एवं उनके प्रशिक्षण, ब्रांडिंग, निवेश यथा- निजी एवं पी0पी0पी0 मोड, निवेशकों को सबसिडी, ग्रामीण पर्यटन, पर्यटन के प्रति लोगों की सहभागिता एवं जागरूकता, अन्तर्विभागीय एवं विभिन्न संस्थाओं तथा संगठनों के साथ समन्वय आदि बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। साथ ही रामायण, बौद्ध, जैन, सूफी, गाॅधी, सिख, शक्ति, शिवा पर्यटन सर्किट के विकास हेतु अग्रेतर कार्रवाई करने पर विचार किया गया। ईको एवं एडवेंचर टूरिज्म का भी विकास करने पर विमर्श किया गया। बिहार राज्य होटल निबंधन, मान्यता एवं प्रबंधन, नियम 2013 में संशोधन पर भी चर्चा की गयी। विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा कर नई पर्यटन नीति को अंतिम रूप दिये जाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पर्यटन मंत्री श्री जावेद इकबाल अंसारी, विकास आयुक्त श्री एस0के0 नेगी, प्रधान सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार श्री ब्यास जी, प्रधान सचिव वित श्री रामेश्वर सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव उद्योग श्री रवि मितल, प्रधान सचिव योजना एवं विकास श्री डी0एस0 गंगवार, प्रधान सचिव मंत्रिमण्डल समन्वय श्री बी0 प्रधान, प्रधान सचिव पंचायती राज श्री शशि शेखर शर्मा, सचिव पथ निर्माण श्रीमती हरजोत कौर, सचिव श्रम संसाधन डाॅ0 एस0 सिद्धार्थ, सचिव लघु जल संसाधन श्री मिहिर कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक साउथ बिहार पावर होल्डिंग कम्पनी श्रीमती पलका साहनी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
’’’’’’

No comments:

Post a Comment