Saturday, 7 March 2015

राम सुन्दर दास जी के निधन से सामजवादी आन्दोलन की एक बहुत बड़ी हस्ती दुनिया से विदा हो गई है- मुख्यमंत्री

पटना, 06 मार्च 2015:- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज सुबह पीपुल्स काॅपरेटिव कालोनी कंकड़बाग स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राम सुन्दर दास के आवास पर जा कर स्व0 राम सुन्दर दास के पार्थिव शरीर का दर्शन किया। उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित की, श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने स्व0 दास के पुत्र यथा श्री मृत्युंजय कुमार, श्री संजय कुमार पुत्री श्रीमती कुसुम, दामाद डाॅ0 राज नारायण दास एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें संत्वना दी तथा 45 मिनट से अधिक समय तक उनके आवास पर रह कर परिजनों एवं शुभचिंतकों के साथ स्व0 राम सुन्दर दास के संस्मरणों को याद किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पत्रकारों से वार्ता भी की और स्व0 राम सुन्दर दास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राम सुन्दर दास जी जदयू के वरिष्ठ नेता थे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री थे, सांसद भी रहे। सामाजवादी आन्दोलन में वे बिहार के अग्रणी नेता रहे। आज उनके निधन से सामाजवादी आन्दोलन की एक बहुत बड़ी हस्ती दुनिया से विदा हो गई है। एक युग का अन्त हो गया है। ईश्वर की लीला है जो आता है उसे जाना ही पड़ता है। लगभग 96 वर्ष की आयु में वे हम लोगों को छोड़कर गये हैं। अंतिम समय तक वे बिना किसी सहारा के चलते थे।
अनेकों बार उनके स्वास्थ्य में उतार चढ़ाव हुआ किन्तु हर बार वे उबर जाते थे। पिछले दो दिनों से वे बीमार थे। ऐसा लगता था कि वे उबर जायेंगे किन्तु इस बार वे उबर नहीं सके। वे हम सबके मार्ग दर्शक, अभिभावक थे। उनकी कमी खलेगी। अंतिम समय तक उन्होंने लोगों की जो सेवा की। जिस निष्ठा और लगन से लोगों की सेवा की वह भावी पीड़ी को प्रेरणा देती रहेगी। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूॅ।
आने वाली पीड़ी को उनके काम से प्रेरणा मिलेगी। वे रहते तो और खुशी होती। हमारे बुजुर्ग थे, चले गये। एक दिन तो हर किसी को जाना ही है। वे जा चुके हैं। पूरे आदर और सम्मान के साथ उन्हे विदा करेंगे। उनकी स्मृति सदैव आने वाले पीड़ी के समक्ष विदमान रहे इसके लिए भी प्रयास करेंगे। राज्य में अगले दो दिनों तक राजकीय शोक रहेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण कार्य मंत्री श्री श्रवण कुमार, खाद्य उपभोक्ता मंत्री श्री श्याम रजक, धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य श्री किशोर कुणाल, पूर्व मंत्री श्री अशोक राम, विधान पार्षद यथा श्री संजय कुमार सिंह (गाॅधी जी), श्री संजय सिंह, विधायक यथा श्री अरूण कुमार सिन्हा, श्री अरूण माॅझी, महासचिव बिहार राज्य नागरिक परिषद श्री छोटू सिंह, सदस्य राज्य उपभोक्ता आयोग श्री नन्द किशोर कुशवाहा, सामाजिक कार्यकर्ता श्री रविन्द्र सिंह, श्री आलोक राज सहित अनेकों सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व0 राम सुन्दर दास के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्व0 राम सुन्दर दास जी के परिजनों ने मुख्यमंत्री को सूचना दी कि कल पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बाॅस घाट पर होगा। पार्थिव शरीर को विधानसभा एवं जदयू कार्यालय भी ले जाया जायेगा।


No comments:

Post a Comment