Friday, 30 January 2015

स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जायेगी- मुख्यमंत्री

पटना, 30 जनवरी 2015:-  स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह सतह से चलकर आगे बढे़, इसका वे ज्वलंत उदाहरण थे। स्वच्छ जीवन, उत्तम विचार एवं सादगी उनके जीवन के आधार रहे थे। रामाश्रय बाबू दैहिक रूप से आज हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके वैचारिक आदर्श एवं किए गये कार्य रास्ता दिखाने का काम करते है। आज मुख्यमंत्री श्री जीतन राम माँझी कंकड़बाग स्थित पार्क में स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह की 85वीं जयंती के अवसर पर उनके आदमकद प्रतिमा का अनावरण एवं दीप प्रज्जवलन कर समारोह का उद्घाटन करते हुये उपस्थित जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिता के बाद और राजनीति में जिन दो व्यक्ति उनके प्रेरणा स्रोत रहे हैै, उनमें से एक स्व0 रामाश्रय बाबू थे। राजनीति में वे मेरे आराध्य रूप में रहे है। जीवन में बडे़ लोगो की बातें करना भी बड़ा काम करता है। उन्होने कहा कि वे सादगी की मिशाल थे। उनके अंतिम समय तक उन्हे हमनें एक ही रूप में देखा है। वे मंत्री, विधायक नहीं रहते हुए भी उनके क्रियाकलाप में कोई कमी नहीं थी। जैसा  विचार एवं वे सोच रखते थे उसका मेरे जीवन पर बड़ा प्रभाव पड़ा है। रामाश्रय बाबू जैसे चरित्र अपनाने वाले को किसी प्रकार का भय एवं डर नहीं होता है।
    मुख्यमंत्री ने स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए कहा कि वे लोगो को अपने से आगे बढाने की बात करते थे। संसदीय कार्यविधि के संबंध में वे हमेशा बताते रहते थे एवं कहते थे कि विधानसभा में उपस्थित रह कर सीखिए। हमलोगो के प्रति उनका कितना लगाव था कि वे हमेशा सीखने की ही बात करते थे। यह हमलोगों के लिए सीखने योग्य बात थी और हमलोगों ने उनसे सीखा है। उनका सदा आशीर्वाद रहा है और उनसे ही प्रेरणा लेते रहेंगे। स्व0 रामाश्रय बाबू के चरणों मे शीश नवाते हुए आज उनकी जयंती पर उन्हें हजार-हजार बार नमन करते है।
      मुख्यमंत्री ने कंकडबाग स्थित पार्क स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह के नाम पर नामाकरण करते हुए इस पार्क में प्रकाश, सफाई एवं सभी प्रकार की व्यवस्था किए जाने की घोषणा की। अगले वर्ष से 30 जनवरी को स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह की जयंती को राजकीय समारोह के रूप मे मनाये जाने की भी उन्होंने घोषणा की। उन्होंने कहा कि मखदुमपुर स्व0 रामाश्रय बाबू के नाम से जाना जाता है। अतएवं उनकी आदमकद प्रतिमा वहां पर पार्क अथवा स्टेडियम मे लगाया जायेगा। कंकड़बाग में पार्क के सामने वाले पथ एवं चैराहा के संदर्भ में कहा कि इसपर विचार कर कारवाई करेंगें।
    इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चैधरी ने कहा कि स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह असाधारण व्यक्तित्व के धनी थे। संसदीय परंपरा में उनकी कार्यशैली, व्यवहार, आचरण सदन के अंदर या बाहर, हम उनसे सीखते थे। जीवन पर्यन्त उनसे सीखते ही रहे। जो आदर्श और जिस तरह की राजनीति कर प्रेरणा का दीपक जलाया है, उनके दिखाये रास्ते पर हम चलने की कोशिश करने के लिए हम सभी संकल्पित हो।
  इस अवसर पर सभा की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री एवं विधायक डाॅ0 अनिल कुमार ने स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह के व्यक्तित्व के संबंध में चर्चा की और मुख्यमंत्री द्वारा उनके प्रति दर्शायें गये श्रद्धा के विषय में भी लोगों को बताया। इस अवसर पर विधायक श्री रण विजय सिंह, विधायक श्री अरूण कुमार सिंहा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री अनिल शर्मा, बिहार लोक सेवा आयोग के सदस्य श्री राम किशोर सिंह, स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह के पुत्र श्री राजीव निरंजन एवं अन्य ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी काफी संख्या में उपस्थित थे।
स्व0 रामाश्रय प्रसाद सिंह स्मृति सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित समारोह में आयोजकों की ओर से मुख्यमंत्री को बुके, शाॅल एवं प्रतीकचिन्ह देकर सम्मानित किया गया।



No comments:

Post a Comment