Thursday, 8 January 2015

किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया ससमय उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार कटिबद्ध है:- मुख्यमंत्री

 किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया ससमय उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार कटिबद्ध है:- मुख्यमंत्री 

पटना, 07 जनवरी 2015:- मुख्यमंत्री सचिवालय के प्राप्त सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री श्री जीतन राम माॅझी ने केन्द्रीय उवर्रक एवं रसायन मंत्रालय से दूरभाष पर वार्ता कर राज्य में यूरिया की आपूर्ति को बढ़ाने का अनुरोध किया है। ज्ञातव्य है कि राज्य में यूरिया की कम आपूर्ति के कारण किसानों को हो रही कठिनाइयों के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय उवर्रक एवं रसायन मंत्रालय से वार्ता की है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्थानीय आयुक्त बिहार भवन नई दिल्ली ने केन्द्रीय उवर्रक एवं रसायन मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय जाकर समन्वय किया, जिसके फलस्वरूप राज्य में यूरिया की आपूर्ति में तेजी आने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि माह जनवरी 2015 तक राज्य को आठ लाख दस हजार मेट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति होनी है, जिसके विरूद्ध 6,20,836 मेट्रिक टन आपूर्ति हुयी है। आपूर्ति में कमी के कारण किसानों को यूरिया की आपूर्ति में कठिनाई हो रही है। राज्य सरकार द्वारा किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराने के लिये हर रैक प्वाईंट पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि रैक लगने के दस घंटे के अंदर यह खाली हो जाय। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्राप्त होने वाला सम्पूर्ण यूरिया किसानों तक पहुॅच सके। यूरिया की तस्करी की रोकथाम के लिये कड़े कदम उठाये गये हैं। इस क्रम में जिला प्रशासन के माध्यम से पाॅच सौ से अधिक छापामारी की गयी है। किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया ससमय उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार कटिबद्ध है।
’’’’’’

No comments:

Post a Comment